दिल्ली में कार विस्फोट के बाद हरिद्वार में पुलिस हाई अलर्ट, चेकिंग अभियान तेज
1 min read
हरिद्वार: दिल्ली के लाल किले के पास एक कार में हुए विस्फोट और उसमें 10 लोगों की मौत की घटना के बाद हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह से हाई अलर्ट पर आ गया है। पुलिस कप्तान सहित आला अधिकारी लगातार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
हरिद्वार पुलिस ने सोमवार शाम से ही शहर और देहात क्षेत्रों, गंगा घाटों, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
- पुलिस की टीमें हरिद्वार रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और गंगा घाटों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर लगातार चेकिंग कर रही हैं।
- रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सुरक्षा जांच की, जबकि नगर कोतवाली पुलिस ने बस अड्डे पर अनजान लोगों की पहचान सुनिश्चित करने का अभियान चलाया।
- नारसन से लेकर हरिद्वार शहर तक सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर संदिग्ध लोगों को रोककर जांच की जा रही है।
ज्ञात रहे कि सोमवार शाम को दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में हुए तेज और खतरनाक विस्फोट के बाद कई वाहनों में आग लग गई थी। इस घटना के बाद देशभर में सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
