डीएम जनदर्शन, सुनवाई से लेकर समाधान तक; बढ़ती जन अपेक्षाएं; मौके पर ही निर्णय
1 min read
डीएम ने सुनी फरियादियों की समस्या, जन दर्शन में आई 184 जन शिकायत
जन समस्याओं को गंभीरता से ले सभी अधिकारी, प्राथमिकता पर हो समाधान-डीएम
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बसंल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम में जनता की समस्याएं सुनी।कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने निजी भूमि पर कब्जा,भूमि विवाद,घरेलू हिंसा,सिंचाई गूल,बाढ सुरक्षा,आर्थिक सहायता,दैवीय आपदा में क्षति,मुआवजा आदि से जु़ड़ी 184समस्याएं रखी। अधिकतर शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया।जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता पर उनका निस्तारण किया जाए। अनाथ हुए रायवाला निवासी जुड़वा भाई बहन अक्षर और वैभव को पारिवारिक संरक्षण,संपत्ति एवं पिता की पेंशन में हक दिलाने का मामला जनता दरबार पहुंचा। जिलाधिकारी ने एडीएम को पिता की संपत्ति बच्चों के नाम कराने और डीपीओ को बच्चों को वात्सल्य जैसी स्पांशरशिप स्कीम से जोड़कर सहयोग पहुंचाने के निर्देश दिए। बिहार निवासी सुधा देवी ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई की उनका 02वर्षीय बेटा गंभीर बीमार है,मुख्य चिकित्साधिकारी को उपचार कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर महिला के बच्चे को दून चिकित्सालय में इलाज शुरू कर दिया गया है,यदि दून में संभव नही होगा तो निजी चिकित्सालय में उपचार कराया जाएगा। किशनपुर राजपुर निवासी कैंसर पीड़ित रेनू की आर्थिक सहायता की गुहार पर डीएम ने रेनू के उपचार के लिए रायफल फंड से धनराशि देने तथा मुख्यमंत्री कल्याणकोष से पत्रावली प्रेषित करने के भी निर्देश दिए। प्रेमनगर निवासी उमा देवी ने डीएम से गुहार लगाई कि उनके द्वारा ऋण लिया गया है,बेटे को स्कूल से निकाल दिया है उमा देवी के ऋण के संबंध में एलडीएम से आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा उनके बेटे दीपेश को स्कूल में दाखिला दिलाने तथा कृत कार्यवाही के सम्बन्ध में कल तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका हरिद्वार निवासी रेखा गुप्ता से डीएम से गुहार लगाई कि वे 31मार्च 2025 में सेवानिवृत्त हो गई है किन्तु विभाग द्वारा 7 माह बीतने के बाद भी पेंशन नही बनी है,जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को 03दिन के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में ऋण माफी के फरियादी बढ़ गए हैं। सुंदरवाला निवासी 70वर्षीय बुजुर्ग महिला कृष्णा कुमारी ने किराएदार द्वारा उनके घर पर कब्जा करने की शिकायत पर तहसीलदार को तत्काल मामले की जांच करने के निर्देश दिए।जनता दरबार में भूमि अभिलेख में खसरा नंबर सुधारने, एमडीडीए से स्वीकृत मानचित्र से इतर निर्माण कार्य करने,भू माफियाओं द्वारा कृषि भूमि का रास्त बंद करने संबधी तमाम शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा,एसडीएम स्मृता परमार,एसडीएम अपूर्वा सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार,उपनगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय,परियोजना निदेशक विक्रम सिंह,जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार,जिला कार्यक्रम अधिकारी जीतेन्द्र कुमार ,जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, तहसीलदार सुरेन्द्र देव,दीपक राजौरी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
