हरिद्वार में धूमधाम से मनाया गया वैष्णो देवी मंदिर का मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह
1 min read

हरिद्वार: तीर्थनगरी हरिद्वार के सप्तसरोवर स्थित सिद्धपीठ पवित्र गुफा वाली वैष्णो देवी मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर माता के भजनों और भेंटों से गूंज उठा, जिससे उपस्थित भक्तजन भक्ति रस में डूब गए।
मंदिर संचालक भक्त दुर्गादास ने बताया कि आज के पवित्र दिन ही मंदिर में माता वैष्णो देवी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से की गई थी। उन्होंने स्मरण कराया कि यह मंदिर पूज्य माता लाल देवी की प्रेरणा से कटरा, जम्मू स्थित वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर हरिद्वार में निर्मित किया गया है, ताकि श्रद्धालु बिना लंबी यात्रा के भी माँ वैष्णो देवी के दर्शन का लाभ ले सकें। भक्त दुर्गादास ने इस बात पर जोर दिया कि “हमारी संस्कृति मातृशक्ति का सम्मान करना सिखाती है।”
इस वार्षिक उत्सव पर, अखंड परमधाम में कथा वाचन का प्रशिक्षण ले रही 46 साध्वियों का विशेष स्वागत किया गया। मंदिर संचालक भक्त दुर्गादास ने पुष्पवर्षा कर इन साध्वियों का अभिनंदन किया। इन साध्वियों ने युग पुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के आदेश पर माता रानी की भेंटें और भजन प्रस्तुत किए, जिनकी मधुर ध्वनि से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
समारोह के अंत में मंदिर की परंपरा के अनुसार साधु-संतों को ससम्मान भोजन प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से आए भक्तों ने भी भाग लेकर इस पावन अवसर को और भी पवित्र बनाया।
