सेवा भारती हरिद्वार द्वारा ‘पंच प्रण’ से ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन
1 min read
हरिद्वार: सेवा भारती उत्तराखंड, हरिद्वार द्वारा 79वें स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम त्रिपुरा भवन में हुआ, जिसमें हरिद्वार जिले के सेवा केंद्रों के बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘पंच प्रण से पंच परिवर्तन’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत गान और सरस्वती वंदना के साथ हुई। बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं और श्रीकृष्ण जन्म से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ कान्हा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सत्यम नामक बालक ने पहला पुरस्कार जीता।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग प्रचारक ललित शंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ‘पंच प्रण’ से ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से राष्ट्रीय पुनरुत्थान पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिपुरा भवन के संत महाराज ने की। सेवा भारती कई वर्षों से शिक्षा, स्वावलंबन और समरसता के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच कर राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ हुआ।
